महाराष्ट्र TET पेपर लीक केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 आरोपियों पर 3500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, फास्टट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई

HIGHLIGHTS
महाराष्ट्र: शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस ने जांच पूरी करते हुए अदालत में करीब 3,500 पन्नों का आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल किया है। पुलिस के मुताबिक, चार्जशीट में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और जांच के दौरान सामने आए अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को शामिल किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
परीक्षा से दो दिन पहले लीक हुआ था पेपर
महाराष्ट्र में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों के लिए TET परीक्षा 28 जून को आयोजित होनी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि परीक्षा से दो दिन पहले, 26 जून को कथित तौर पर प्रश्नपत्र लीक हो गया था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल शुरू की।
SIT ने की मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर ठाणे के जॉइंट पुलिस कमिश्नर पंजाबराव उगाले के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया था। जांच टीम में भिवंडी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस पवन बंसोड़ समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। शुरुआत में तीन गिरफ्तारियां हुईं, जिसके बाद जांच आगे बढ़ने पर आरोपियों की संख्या 16 तक पहुंची।
प्रिंटिंग प्रेस से पेपर हासिल करने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे बृजेश गुप्ता ने मथुरा की एक प्रिंटिंग प्रेस से TET का प्रश्नपत्र हासिल किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी प्रकाश पवार भी शामिल हैं, जबकि अन्य आरोपी बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से बताए गए हैं।
फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई
बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार मामले की सुनवाई के लिए विशेष जलदगति न्यायालय की व्यवस्था की गई है। भिवंडी की अदालत में न्यायाधीश एए कोरे के समक्ष आगे की कानूनी प्रक्रिया चलेगी। सरकार की ओर से सरकारी वकील महेश तोडकर पैरवी करेंगे, जबकि आरोपियों की ओर से अधिवक्ता शैलेश गायकवाड उनका पक्ष रखेंगे। अब 3,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले की आगामी सुनवाई पर नजर रहेगी।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
