Jaunpur News: ‘BJP के इशारे पर काम कर रहा चुनाव आयोग’, संविधान और लोकतंत्र खतरे में – शैलेंद्र यादव ‘ललई’

HIGHLIGHTS
जौनपुर: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने जौनपुर में बड़ा मार्च और धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पूर्व ऊर्जा मंत्री और शाहगंज के पूर्व विधायक शैलेंद्र यादव ‘ललई’ ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखे आरोप लगाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने दो बार मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फूंका.
शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि पूरा चुनाव आयोग बीजेपी के इशारे पर साजिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जिस तरह का रवैया अपनाया जा रहा है, उससे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन दिया जाएगा।
‘संविधान और लोकतंत्र खतरे में’
पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के मौजूदा रवैये से संविधान और लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का संघर्ष किसी एक व्यक्ति या चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जौनपुर में गांधी प्रतिमा से लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचे और वहां धरना दिया। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें पद से हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया।
‘फॉर्म-7 के जरिए नाम काटने की कोशिश’
शैलेंद्र यादव ललई ने आरोप लगाया कि बीजेपी और सत्ता में बैठे लोगों की ओर से अधिकारियों के माध्यम से फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय हैं और मतदाता सूची पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सजग हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे।”
ललई ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उनके मुताबिक पार्टी संगठन के कार्यकर्ता लगातार बूथ स्तर पर काम कर रहे हैं और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रहेंगे।
गांधी प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक निकला मार्च
प्रदर्शन की शुरुआत PWD तिराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अंबेडकर तिराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंचे। यहां संविधान निर्माता की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ-संविधान बचाओ’ और ‘CEC इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद मार्च धरना-सभा में बदल गया।
राकेश मौर्य ने भी साधा निशाना
धरना सभा की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।राकेश मौर्य ने कहा कि जिन लोगों के मताधिकार पर असर पड़ने की आशंका है, उनके अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी दोहराई।
7 सूत्री मांग पत्र सौंपा
धरना-प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी की ओर से तैयार 7 सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी जौनपुर के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। पार्टी नेताओं ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। प्रदर्शन में विधायक लकी यादव, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, विधायक पंकज पटेल, डॉ सूर्यभान यादव, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक राजनारायण बिंद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। वहीं, यूथ संगठनों के जिलाध्यक्षों ने भी अपने पदाधिकारियों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध जताया। अंत में मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर के नेतृत्व में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समाजवादी पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका संगठन आगे भी बूथ स्तर पर सक्रिय रहेगा।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
