UP News : ट्रेन में लावारिश मिले जौनपुर के तीन नाबालिग बच्चे, RPF ने सुरक्षित कानपुर सेंट्रल पहुंचाया, परिजनों का पता लगाने में जुटी पुलिस

HIGHLIGHTS
कानपुर। ट्रेन में अकेले सफर कर रहे तीन नाबालिग भाई S6 और S7 कोच के बीच लावारिश हालत में बैठे मिले। बच्चों के अकेले होने की सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ और RPF की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए RPF पोस्ट कानपुर सेंट्रल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, सूचना पर आरक्षी सूर्यकांत यादव, मुख्य आरक्षी राज कुमार, RPF मुख्य आरक्षी संजय कुमार पाल, मुख्य आरक्षी वंदना पचौरी और टीटी राकेश कुमार ने मामले को अटेंड किया। पूछताछ में बच्चों ने अपने नाम आशीष, साहिल और गोलू बताए। उनकी उम्र क्रमशः करीब 11, 9 और 6 वर्ष बताई गई है।तीनों बच्चों ने बताया कि वे सगे भाई हैं। उन्होंने अपने पिता का नाम नसीम बताया और खुद को जौनपुर का रहने वाला बताया। बच्चों के पास अपने परिवार के संबंध में तत्काल इससे अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए RPF मुख्य आरक्षी संजय कुमार पाल और मुख्य आरक्षी वंदना पचौरी ने संबंधित मेमो रिसीव किया। इसके बाद तीनों बच्चों को RPF पोस्ट कानपुर सेंट्रल ले जाया गया।RPF पोस्ट पर बच्चों से उनके परिवार और घर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है, ताकि बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तीनों बच्चे किस परिस्थिति में ट्रेन में अकेले पहुंचे और वे जौनपुर से कहां जा रहे थे। मामले में बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर उनके परिजनों की तलाश की जा रही है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
