जयपुर हत्याकांड: पत्नी और तीन बेटियों की हत्या का आरोपी राहुल झा हिरासत में, खाटूश्याम जी से रींगस तक ऐसे पहुंचा

HIGHLIGHTS
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल झा को पुलिस ने रींगस से हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी खाटूश्याम जी पहुंचा था, जहां मंदिर में दर्शन करने के बाद वह एक होटल में रुका। पैसे खत्म होने पर उसने अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की, लेकिन होटल संचालक ने उसे खरीदने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी रींगस पहुंचा, जहां क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ लिया।
होटल में पैसे खत्म होने पर अंगूठी बेचने की कोशिश
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद राहुल झा जयपुर से फरार होकर खाटूश्याम जी गया। मंदिर में दर्शन करने के बाद उसने एक होटल में ठहरने का फैसला किया। होटल में रहने के दौरान जब उसके पास खर्च करने के लिए पैसे नहीं बचे, तो उसने अपनी अंगूठी बेचकर रकम जुटाने की कोशिश की।बताया जा रहा है कि आरोपी ने होटल संचालक को अंगूठी देने की पेशकश की, लेकिन संचालक ने उसे लेने से मना कर दिया। यहां तक कि अंगूठी के बदले 500 रुपये देने से भी इनकार कर दिया गया। इसके बाद आरोपी होटल छोड़कर रींगस की ओर चला गया।
रींगस में पुलिस ने दबोचा
इसी दौरान पुलिस की CST यानी क्राइम ब्रांच टीम को राहुल झा के रींगस में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
कर्ज में डूबे होने की बात सामने आई
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कर्ज में डूबे होने की बात कही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या की वारदात के पीछे यही वजह थी या कोई अन्य कारण। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश और स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश की निगरानी में आरोपी की तलाश का अभियान चलाया गया। फिलहाल राहुल झा पुलिस हिरासत में है। जांच टीम हत्या की वजह, घटनाक्रम और फरारी के दौरान आरोपी की गतिविधियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
