UP News: मायावती के उत्तराधिकारी की चर्चा के बीच चंद्रशेखर आजाद का आकाश आनंद को न्योता, बोले- साथ मिलकर पूरा करेंगे बाबा साहब का मिशन

HIGHLIGHTS
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती के उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज है। मायावती ने अपने छोटे भाई आनंद कुमार के दोनों बेटों आकाश आनंद और ईशान आनंद को पार्टी में पद नहीं देने की बात स्पष्ट कर दी है। वहीं, कुमारी दीपिका आनंद पर भरोसा जताने की बात सामने आई है। इसी बीच आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि “BSP में मेरे लिए दरवाजे बंद हैं, लेकिन आकाश आनंद के लिए दरवाजे खुले हैं।” उन्होंने आकाश आनंद को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि दोनों के बीच राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उनके मन में आकाश के लिए कोई बुरी भावना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर आकाश उनकी पार्टी में आते हैं तो दोनों मिलकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ा सकते हैं।
हालांकि, चंद्रशेखर आजाद की ओर से आकाश आनंद को पार्टी में आने का न्योता देने की यह पहली कोशिश नहीं है। इससे पहले वर्ष 2014 में भी एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने आकाश आनंद से अपनी पार्टी में शामिल होने का अनुरोध किया था।
पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में पहुंचे आजाद
दरअसल, शनिवार को लखनऊ के इको गार्डन में पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को लेकर यह बयान दिया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पंचायत सहायक मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर पिछले पांच दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।
तेज धूप के बावजूद पंचायत सहायक अपनी मांगों को लेकर धरनास्थल पर डटे रहे। धूप से बचने के लिए कई प्रदर्शनकारी छाता लेकर प्रदर्शन में पहुंचे। इसी बीच चंद्रशेखर आजाद भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्हें देखने के लिए उनके समर्थक पेड़ पर चढ़ गए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आजाद ने उनकी मांगों का समर्थन किया और कहा कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।

