UP News: लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बनकर युवक को जान से मारने की धमकी देने का आरोप, बिहार की महिला बाउंसर जयपुर से गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
शामली, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस ने एक महिला बाउंसर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला पर आरोप है कि उसने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बनकर मैसेंजर के जरिए शामली निवासी मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी दी थी। मामला हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े विवाद के बाद सामने आया।
पुलिस के अनुसार मुकुल चौधरी को सोशल मीडिया मैसेंजर पर धमकी मिलने के बाद उन्होंने इसकी सूचना शामली पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू की और जयपुर से बिंदु नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और जयपुर में बाउंसर के तौर पर काम करती थी। पुलिस के मुताबिक वह अपने पति से लंबे समय से अलग रह रही है और उसके चार बच्चे हैं।
लॉरेंस बिश्नोई की प्रशंसक होने का दावा
पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह लॉरेंस बिश्नोई की प्रशंसक है और उसे अपना पति मानती है। पुलिस के अनुसार महिला की लॉरेंस बिश्नोई से कभी मुलाकात नहीं हुई है। उसके हाथ पर लॉरेंस का नाम गुदा होने की बात भी सामने आई है।जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि महिला सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ टिप्पणी करने वाले लोगों को कथित तौर पर धमकाती थी। इसी तरह मुकुल चौधरी द्वारा लॉरेंस बिश्नोई को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद महिला ने उन्हें मैसेंजर पर धमकी दी।
वायरल इंटरव्यू क्लिप के बाद शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद हरियाणवी गायक अंकित बालियान की तेरहवीं के बाद सामने आया। मुकुल चौधरी का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई को लेकर टिप्पणी की थी। पुलिस के मुताबिक इसी टिप्पणी से नाराज होकर आरोपी महिला ने मुकुल को धमकी दी।
मुकुल चौधरी जाट महासभा से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपी महिला के अन्य सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी देने के इस मामले में महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा हुआ था या नहीं। शामली पुलिस ने महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।

