UP News : 10 लाख दो वरना…. भोजपुरी स्टार रितेश पांडेय को मिली धमकी, वाराणसी में केस दर्ज

HIGHLIGHTS
वाराणसी: भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडेय से कथित तौर पर फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद रितेश पांडेय ने वाराणसी के सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन पर खुद को बताया बुलबुल यादव
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 18 सितंबर को रितेश पांडेय के मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति ने कॉल की। कॉल करने वाले ने अपना नाम बुलबुल यादव बताया और खुद को सारनाथ का निवासी बताया। प्रारंभिक बातचीत के बाद कथित तौर पर उसने रितेश पांडेय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फोन करने वाले ने 10 लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। रितेश पांडेय का कहना है कि कॉल के दौरान आरोपी के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जिसने कथित तौर पर रंगदारी मांगने और धमकी देने में उसका साथ दिया।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की जानकारी मिलने के बाद रितेश पांडेय ने तत्काल सारनाथ पुलिस से संपर्क किया और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बुलबुल यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 352 और 308(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और फोन कॉल से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे पूरे तथ्य
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। कॉल किस नंबर से की गई, आरोपी की पहचान और धमकी के पीछे की वजह समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है। रितेश पांडेय भोजपुरी सिनेमा के चर्चित गायक और अभिनेता हैं। उन्होंने 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव में करगहर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।

