UP News: गोंडा हत्याकांड पर गरमाई सियासत, अजय राय समेत कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

HIGHLIGHTS
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में बर्तन व्यापारी और निषाद समाज के नेता विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। घटना को लेकर निषाद समुदाय में भारी आक्रोश है। इसी बीच मृतक के परिवार से मुलाकात करने गोंडा जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल विनोद कुमार साहनी के परिजनों से मिलने गोंडा जा रहा था। पुलिस ने बाराबंकी के पास मसौली टोल प्लाजा पर कांग्रेस नेताओं के काफिले को रोक दिया। इस दौरान अजय राय और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई।अजय राय के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता आसिम वकार, नरेंद्र सिंह समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
गोंडा जाने से पहले पुलिस ने रोका
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गोंडा जाने की अनुमति दिए जाने की मांग की, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता गोंडा जाने की जिद पर अड़े रहे।
इसके बाद पुलिस ने अजय राय, अखिलेश प्रताप सिंह, आसिम वकार, नरेंद्र सिंह समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं को मसौली थाने ले जाने की बात सामने आई है।पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। पार्टी ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर लोकतांत्रिक तरीके से पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने का आरोप लगाया है।
विनोद साहनी हत्याकांड के बाद बढ़ा राजनीतिक तनाव
विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद गोंडा से लेकर लखनऊ तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार, 11 सितंबर, को यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद भी गोंडा में धरने पर बैठे थे।वहीं, समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप समेत कई सपा नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी दल लगातार सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।
इलाज के दौरान हुई विनोद कुमार साहनी की मौत
रेक्सडिया गांव निवासी विनोद कुमार साहनी की गुरुवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर लगातार किए जा रहे कथित विवादित पोस्ट को लेकर कुछ लोगों से उनकी रंजिश चल रही थी।
बताया गया कि बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय इसी विवाद को लेकर उनका कुछ लोगों से झगड़ा हुआ। आरोप है कि मुख्य आरोपी शुभम सिंह उर्फ गोलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर विनोद कुमार साहनी पर हमला कर दिया।पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की है। वहीं, समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए इसे ‘जंगलराज’ बताया और मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।
अजय राय के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के गोंडा दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गोंडा-करनैलगंज-परसपुर मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा, कांग्रेस के कुछ स्थानीय नेताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। विनोद कुमार साहनी हत्याकांड को लेकर निषाद समाज और विभिन्न राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच अब यह मामला प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।

