UP News : वाराणसी: पानी लेने उतरी मां, ट्रेन छूटने से बिछड़े 3 मासूम बच्चे; जौनपुर GRP ने मिलाया

HIGHLIGHTS
जौनपुर/वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरी एक महिला की ट्रेन छूट गई। ट्रेन में सवार उसके तीन छोटे बच्चे मां से बिछड़ गए। बच्चे ट्रेन में अकेले रोते हुए मिले, जिसके बाद जौनपुर जीआरपी पुलिस ने उन्हें अपनी सुरक्षा में लिया। पुलिस ने महिला से संपर्क स्थापित कर आवश्यक पहचान और सत्यापन के बाद तीनों बच्चों को उनकी मां को सुरक्षित सौंप दिया।
पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरी थी मां
जौनपुर जीआरपी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह घटना 24 सितंबर 2026 को श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में हुई। महिला सोनी देवी अपने तीन बच्चों के साथ ट्रेन नंबर 12391 के कोच S5 में यात्रा कर रही थीं।यात्रा के दौरान ट्रेन वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान सोनी देवी पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गईं। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी और वह अपने तीनों बच्चों से अलग हो गईं। तीनों बच्चे ट्रेन में ही रह गए।
ट्रेन में अकेले रोते मिले तीनों बच्चे
जीआरपी पुलिस की चेकिंग के दौरान तीनों बच्चों को ट्रेन में अकेला और रोते हुए देखा गया। बच्चों की कम उम्र को देखते हुए पुलिस ने उन्हें तत्काल अपनी सुरक्षा और देखरेख में ले लिया।पुलिस की ओर से बच्चों को सुरक्षित रखने के साथ उनकी मां का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। जीआरपी ने उचित माध्यम से सोनी देवी से संपर्क स्थापित किया और उन्हें जौनपुर जीआरपी थाने पर बुलाया।
पहचान और सत्यापन के बाद मां को सौंपे बच्चे
जौनपुर जीआरपी की जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चों को सुरक्षित थाने पर लाया गया। इसके बाद उनकी मां सोनी देवी से पहचान और आवश्यक वैधानिक तस्दीक की प्रक्रिया पूरी की गई।सत्यापन के बाद पुलिस ने तीनों बच्चों को सकुशल उनकी मां को सौंप दिया। अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर मां ने जौनपुर जीआरपी पुलिस के प्रति आभार जताया और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।तीनों बच्चों में स्वाति 6 वर्ष, प्रिंस 4 वर्ष, पीयूष लगभग 1 वर्ष है। फिलहाल, तीनों बच्चों की कम उम्र को देखते हुए उन्हें पुलिस की देखरेख में सुरक्षित रखा गया और उनकी मां से मिलाने की कार्रवाई की गई।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत कार्रवाई
जौनपुर जीआरपी ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन मुस्कान के तहत किए गए कार्य के रूप में बताया । पुलिस की जानकारी के अनुसार, रेलवे में चेकिंग और अपराध नियंत्रण से जुड़े अभियान के दौरान बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।इस कार्रवाई में थाना जीआरपी जौनपुर और जौनपुर सिटी जीआरपी चौकी के पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल मीना सोनकर शामिल थे।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
