Jaunpur Crime: मेले और बाजारों में करते थे चोरी, जौनपुर पुलिस ने बिहार के 14 आरोपियों को दबोचा

HIGHLIGHTS
जौनपुर: जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली, मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिहार से जुड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह के कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल, पीली धातु की एक चेन, 8,180 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का संबंध बिहार के रोहतास, कैमूर (भभुआ) और बक्सर जिलों से है। ये लोग अलग-अलग स्थानों पर जाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। कार्रवाई के बाद संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कोतवाली पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने 5 पुरुषों और 3 महिलाओं समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इनके पास से एक पीली धातु की चेन, 3,480 रुपये नकद, चोरी की दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं बरामद मोटरसाइकिलों में एक वाहन गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित बताया गया है। वहीं, चेन को कोतवाली में दर्ज चोरी के मामले से जोड़ा गया है।
इस मामले में मुकदमा संख्या 272/26 और संबंधित चोरी के मुकदमे के आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
मछलीशहर पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा
मछलीशहर पुलिस ने 6 नवंबर को रात में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और 4,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह रकम चोरी की गई चेन बेचने से प्राप्त हुई थी।
इस मामले में थाना मछलीशहर में मुकदमा संख्या 342/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 303(2), 317(2) और 112 में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुंगराबादशाहपुर में दो बाइक चोर गिरफ्तार
मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने भी 6 नवंबर को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से सुजानगंज क्षेत्र से चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।इस मामले में दो अन्य महिलाओं के नाम भी पूछताछ और विवेचना के दौरान सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, उनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। संबंधित मुकदमा संख्या 353/26 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं और काम के सिलसिले में अलग-अलग जिलों में जाते रहते हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों और मेलों में मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि गिरोह में शामिल महिलाएं बाजारों और भीड़ वाले इलाकों में महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी करती थीं। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम से गिरोह के सदस्य अपना खर्च चलाते थे।

अन्य सदस्यों की तलाश जारी
तीनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मुंगराबादशाहपुर मामले में नाम सामने आईं दो महिलाओं की गिरफ्तारी अभी शेष है।
पुलिस का कहना है कि चोरी के मामलों की जांच और बरामद सामान से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
