पाकिस्तान: जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में भीषण धमाका, 5 जवान समेत 15 की मौत; 25 से ज्यादा घायल

HIGHLIGHTS
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में भीषण धमाका होने की खबर सामने आई है। यह घटना ओल्ड पुलिस लाइन के पास स्थित मस्जिद में हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाके में पांच जवानों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के इंस्पेक्टर जनरल (IG) जुल्फिकार हमीद के अनुसार, धमाका कोहाट पुलिस लाइन्स की एक मस्जिद में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पतालों में पहुंचाया गया। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोटक से लदी एक गाड़ी को ओल्ड पुलिस लाइन परिसर में प्रवेश कराया गया था।
हालांकि, विस्फोट की सटीक परिस्थितियों और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव दलों को घटनास्थल पर भेजा गया और राहत अभियान शुरू किया गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के साथ आसपास की कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।IG जुल्फिकार हमीद ने यह भी बताया कि धमाके के बाद हथियारबंद हमलावरों और पुलिसकर्मियों के बीच गोलीबारी हुई।
पुलिस की ओर से घटना की जांच की जा रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने घटना की जांच के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल राहत-बचाव कार्य के साथ-साथ हमले की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
