UP News : कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रधानमंत्री सेवा संकल्प माह का किया शुभारंभ, शाहगंज CHC में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

HIGHLIGHTS
जौनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जौनपुर के शाहगंज तहसील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, अधिकारीगण और वरिष्ठ भाजपा नेता बेचन सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता बेहद जरूरी होती है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ने पर जोर दिया गया है। उनके अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जनसेवा की गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ना और नागरिकों को सामाजिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। जौनपुर में अभियान की तैयारियों को लेकर पहले ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की जा चुकी है।

ए.के. शर्मा ने कहा कि शाहगंज में रक्तदान के माध्यम से लोगों ने सेवा और संवेदना का संदेश दिया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ की भावना के साथ सामाजिक कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
इस दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम में शाहगंज विधायक रमेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, राजेश सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। जौनपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनसेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
