UP News: विशाल यादव हत्याकांड : सारे अपराधी BJP के मेंबर, जौनपुर में अजय राय ने कानून व्यवस्था पर बोला हमला, 1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

HIGHLIGHTS
जौनपुर: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को जौनपुर पहुंचे और लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव पहुंचकर विशाल यादव हत्याकांड के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढ़स बंधाया। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और विशाल यादव को न्याय दिलाने की लड़ाई में हर स्तर पर सहयोग करेगी। अजय राय ने सरकार से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कानून व्यवस्था और BJP पर हमला बोलते हुए कहा कि सारे अपराधी BJP के मेंबर बने हुए हैं। इसलिए उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और सरकार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। सारे अपराधी बीजेपी के मेंबर बने हुए हैं। उन्होंने प्रदेश में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराधों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
विशाल यादव की हत्या के मामले में अजय राय ने कहा कि आरोपी कोई भी हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने की मांग की।उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
