CRIME: माचिस के विवाद ने लिया खूनी मोड़: दिल्ली के केशव पुरम में युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपी अरेस्ट

HIGHLIGHTS
नई दिल्ली: दिल्ली के केशव पुरम थाना क्षेत्र के कन्हैया नगर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 15 सितंबर को दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें भवानी (30) की मौत हो गई, जबकि आशा राम (32) घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, घटना कन्हैया नगर इलाके में शराब के ठेके के पास हुई। शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह माचिस बताई गई है। हालांकि, मृतक के परिजनों का कहना है कि विवाद बीड़ी मांगने और देने से इनकार करने को लेकर शुरू हुआ था।कहासुनी बढ़ने के बाद आरोप है कि कुछ युवकों ने भवानी और आशा राम पर चाकू से हमला कर दिया।
एक की मौत, दूसरा घायल
चाकू के हमले में भवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं आशा राम भी हमले में घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।घटना की सूचना मिलते ही केशव पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
BNS की धाराओं में FIR दर्ज
पुलिस ने मामले में FIR नंबर 321/2026 दर्ज की है। केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 109(1) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की शुरुआत से लेकर चाकूबाजी और युवक की मौत तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।परिजनों के बयान और शुरुआती पुलिस जानकारी में विवाद की वजह को लेकर अंतर सामने आया है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
