UP NEWS : प्रयागराज में सपा नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

HIGHLIGHTS
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना हंडिया क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां बाइक से पहुंचे हमलावरों ने पवन यादव पर अचानक फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान मुंगराव गांव निवासी पवन यादव के रूप में हुई है। वह सपा के जिला सचिव होने के साथ पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके थे।
घात लगाकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम पवन यादव पिलर नंबर 52 के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में एक गोली उनकी पीठ में लगी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़े।बताया जा रहा है कि हमलावरों में से दो ने हेलमेट पहन रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घायल पवन यादव को आनन-फानन में एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।पुलिस को शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का एंगल भी नजर आ रहा है। आशंका है कि हमलावरों ने पहले पवन यादव की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका देखकर हमला किया।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। बाइक सवार तीनों आरोपियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते की भी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
