UP News: शामली में लॉरेंस के नाम पर जाट महासभा नेता मुकुल चौधरी को धमकी देने वाली महिला गिरफ्तार, हाथ पर बिश्नोई के नाम का मिला टैटू

HIGHLIGHTS
शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर टिप्पणी करना अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष मुकुल चौधरी को भारी पड़ गया। आरोप है कि सोशल मीडिया मैसेंजर के जरिए एक महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बाद शामली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुकुल चौधरी शामली के गढ़ी पुख्ता थाना क्षेत्र के जधेड़ी गांव के निवासी हैं। उन्होंने एक निजी यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अंकित बालियान हत्याकांड के संदर्भ में लॉरेंस बिश्नोई को लेकर टिप्पणी की थी। बताया गया कि इंटरव्यू देखने के बाद जयपुर में रहने वाली बिंदु नाम की महिला ने कथित तौर पर नाराज होकर मुकुल चौधरी से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किया।
खुद को लॉरेंस की पत्नी बताकर दी धमकी
आरोप है कि महिला ने बातचीत के दौरान खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताया और मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मुकुल चौधरी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू की।
पुलिस ने शनिवार को महिला को गिरफ्तार कर लिया। शामली के एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, आरोपी महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और फिलहाल जयपुर में बाउंसर के तौर पर काम करती है। उसके चार बच्चे हैं और वह करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है।
पूछताछ में सामने आई अलग कहानी
पुलिस पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह पिछले करीब आठ वर्षों से लॉरेंस बिश्नोई को मन ही मन अपना पति मानती है। उसका कहना था कि लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ की गई कोई भी टिप्पणी उसे स्वीकार नहीं है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी गुदवा रखा है।
हालांकि जांच में अभी तक महिला की लॉरेंस बिश्नोई से मुलाकात होने या उसके किसी साथी से संपर्क होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इसके बावजूद खुद को उसकी पत्नी बताकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने धमकी किस मंशा से दी थी और क्या उसका किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह से कोई संपर्क है।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।
