Azamgarh News: वोटर लिस्ट में विकास यादव का नाम 13 बार, SP की शिकायत पर 9 कर्मचारियों पर कार्रवाई

HIGHLIGHTS
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मतदाता सूची में नामों की बार-बार दर्ज होने की शिकायत के बाद निर्वाचन विभाग ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। समाजवादी पार्टी (SP) की ओर से मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला उठाए जाने के बाद हुई जांच में विकास यादव नाम की 13 प्रविष्टियां सामने आई हैं। इस मामले मे पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और एक कंप्यूटर सहायक समेत छह कर्मचारियों को मतदाता सूची से जुड़े कार्यों से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीन निर्वाचन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया के निर्देश दिए गए हैं।
पांच BLO और कंप्यूटर सहायक पर कार्रवाई
मतदाता सूची तैयार करने के दौरान सामने आई अनियमितताओं के मामले में निर्वाचन विभाग ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।निर्देशों के अनुसार, एक कंप्यूटर सहायक और पांच बूथ लेवल अधिकारियों को मतदाता सूची से जुड़े काम से तत्काल हटाया जाएगा। इन छह कर्मचारियों को सेवा से हटाने के संबंध में नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू करने को कहा गया है।इसके अलावा, संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने से पहले नोटिस देने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन निर्वाचन अधिकारियों के खिलाफ भी जांच
इस मामले में केवल कर्मचारियों पर ही कार्रवाई नहीं की जा रही है। मतदाता सूची तैयार करने में लापरवाही और निगरानी में कमी के आरोपों को देखते हुए तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।इन तीनों अधिकारियों को लेकर आरोप पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। साथ ही, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 32 के तहत कार्रवाई से पहले नोटिस देने के निर्देश भी शामिल हैं।
आजमगढ़ की सभी विधानसभा सीटों की होगी जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की जांच करने को कहा है। जांच में नामों की पुनरावृत्ति और मतदाता विवरण में संभावित गड़बड़ियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी को इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इससे जिले की अन्य विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों में भी ऐसी अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल निर्वाचन विभाग की ओर से जांच के आधार पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। कर्मचारियों और अधिकारियों को नोटिस दिए जाने के बाद उनके जवाब तथा विभागीय जांच के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।यह मामला मतदाता सूची की शुद्धता और उसे तैयार करने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी से जुड़ा है। अब जिले की सभी विधानसभा सीटों की जांच रिपोर्ट और संबंधित कर्मचारियों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
स्वतंत्र और भरोसेमंद समाचारों के लिए Nation24 Network को अपना सहयोग दें।

